अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर।
भुरना गांव के एक युवक का तलाक कराए बिना ही उसके ससुरालियों ने उसकी पत्नी का दूसरी जगह विवाह कर दिया। युवक का आरोप है कि विरोध करने पर ससुरालियों ने उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत एसपी देहात से की है।
कोतवाली क्षेत्र के भुरना गांव निवासी काला उर्फ संदीप पुत्र पलटू ने एसपी देहात मणिकांत मिश्रा को पत्र देकर बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 के जुलाई माह में मंगलोर कोतवाली के नसीरपुर अफजलपुर गांव की युवती के साथ हुई थी। उसने बताया कि कुछ दिनों पहले उसकी पत्नी का उससे किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। काला का आरोप है कि इसके बाद उसने कई बार उसे लाने का प्रयास किया, लेकिन उसके ससुराल वालों ने उसे भेजने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने हरिद्वार के परिवार न्यायालय में भी उसने मुकदमा दायर किया था, जो विचाराधीन है। उसका आरोप है कि अभी कुछ दिनों पहले उसके ससुरालियों ने उसकी पत्नी का तलाक कराए बिना ही लिबरहेड़ी गांव में एक युवक के साथ उसकी शादी कर दी। काला का आरोप है कि इसकी जानकारी उसे हुई तो उसने अपने ससुराल तथा लिबरहेड़ी गांव पहुंचकर घटना की बाबत जानकारी ली। उसका आरोप है कि शुक्रवार को वह ससुराल गया तो वहां उसे मारपीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। काला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।