ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। रुड़की के ठेकेदार से रामनगर निवासी एक व्यक्ति ने डंपर से माल ढोने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी कर डाली। पैसे लेकर व्यक्ति ने न ही माल डाला और न ही रकम वापस कर रहा है। ठेकेदार की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी आनंद कुमार ठेकेदार हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने नैनीताल जिले के रामनगर निवासी एक व्यक्ति से डंपर से माल ढोने का सौदा तय किया था। दोनों के बीच डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। इसी बीच रामनगर के व्यक्ति ने ठेकेदार से एडवांस में रकम देने की बात कही। इस पर ठेकेदार ने उसके खाते में डेढ़ लाख रुपये डाल दिए, लेकिन इसके बाद भी उसने माल नहीं डाला। आरोप है कि ठेकेदार ने कॉल की तो वह बहाने बनाने लगा। कई बार कॉल करने के बाद भी उसने माल नहीं डाला तो ठेकेदार ने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि उसने रकम देने से इनकार कर दिया। अब उसने ठेकेदार का फोन भी उठाना बंद कर दिया है। परेशान होकर ठेकेदार ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने भी व्यक्ति के नंबर पर कॉल की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।