ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। दहेज के लिए मारपीट करने के मामले में समझौता नहीं करने पर पति आत्महत्या करने और पत्नी के खिलाफ झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दे रहा है। यही नहीं पति ने ससुराल पहुंचकर महिला व उसके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। महिला के भाई ने जीजा के खिलाफ तहरीर देकर आशंका जताई है कि वह झूठे केस में फंसाने के लिए कुछ भी कर सकता है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती की शादी करीब 14 साल पूर्व कोटद्वार के लकड़ीबड़ान निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज मांगने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। 26 मई को ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। साथ ही बच्चों को भी अपने पास रख लिया। महिला ने महिला हेल्प लाइन में शिकायत की थी। तभी से मामला महिला हेप्ललाइन में चल रहा था। आरोप है कि छह मई को पुलिस ने दोनों पक्षों को महिला हेल्पलाइन बुलाया था। यहां दोनों से बातचीत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आरोप है कि इस पर महिला अपने परिजनों के साथ घर चली गई। इस बीच पति भी पीछे-पीछे ससुराल पहुंच गया। साथ ही पत्नी और ससुरालियों को धमकी दी कि अगर उन्होंने शिकायत वापस नहीं ली तो वह आत्महत्या कर लेगा और झूठा केस बनाकर फंसा देगा। धमकी दी कि वह उनका घर से बाहर निकलना भी दूभर कर देगा। शनिवार को महिला के भाई ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। एसआई मनसा ध्यानी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हेल्पलाइन में पहले से ही मामला चल रहा है।