ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की (झबरेड़ा)। झबरेड़ी गांव में किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिजनों ने रातोंरात उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई, जब सुबह खेत में गए लोगों ने चिता से धुआं उठते देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए चिता से अस्थियों का सैंपल लिया। साथ ही किशोरी के दो परिजनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जबकि, घर के बाकी सदस्य फरार हो गए। पुलिस ऑनर किलिंग के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शुक्रवार रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों में काम करने गए तो चिता से धुआं उठते देखा। धीरे-धीरे यह खबर पूरे गांव में फैल गई। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। गांव पहुंचकर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। साथ ही चौकीदार के साथ श्मशान घाट जाकर किशोरी की चिता के बारे में ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतका के घर की एक महिला समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया, जबकि बाकी लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर से फरार हो गए। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीएस रावत ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ऑनर किलिंग की बात भी सामने आ रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि किशोरी के दो परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।