रुड़की। आरपीएफ की विजिलेंस टीम ने छापा मारकर रेलवे के तत्काल टिकटों की दलाली करने के आरोप में एक युवक को पकड़ा है। आरोपी प्रतिबंधित समयावधि में रेलवे के तत्काल टिकटों को पर्सनल आईडी से निकाल कर बेच रहा था। इसके पास से दो तत्काल आरक्षण के टिकटों के अलावा 5100 रुपये, लैपटॉप, मोडम, प्रिंटर आदि बरामद किया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
मुरादाबाद मंडल की आरपीएफ विजिलेंस प्रभारी अनिल कुमार व रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी सोनी शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने रुड़की रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक दुकान में छापा मारकर पर्सनल आईडी से प्रतिबंधित समयावधि में तत्काल टिकट बेचने वाले एक दलाल धर दबोचा। आरोपी के पास से दो तत्काल आरक्षण के टिकट बरामद किए। इसमें एक टिकट शहोती शर्मा व अनीता शर्मा के नाम से दिल्ली-निजामुद्दीन से नागपुर जाने वाली संपर्क क्रांति का था। दूसरा टिकट स्लीपर क्लास का 18 मई का है। यह टिकट दीपक कुमार व गुलशन कुमार के नाम का था। टीम ने बताया कि कई दिन से शिकायत मिल रही थी कि स्टेशन के पास स्थित कुछ एजेंसी संचालकों की ओर से रेलवे यात्रियों को पर्सनल आईडी से प्रतिबंधित समय में तत्काल का टिकट दिया जा रहा है। एक टिकट पर 400 से 500 रुपये तक अधिक लिए जा रहे हैं। टीम आरोपी को पकड़कर आरपीएफ चौकी ले आई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरविंद्र सिंह निवासी यादवपुरी, रामनगर बताया। उसने बताया कि उसकी रेलवे स्टेशन के पास कोहली टूर एंड ट्रेवल के नाम से दुकान है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सुबह दस से साढ़े दस बजे तक तत्काल एसी का टिकट केवल आरक्षण काउंटर से दिया जा सकता है। स्लीपर तत्काल का आरक्षण का टिकट सुबह 11 बजे से साढ़े 11 बजे तक दिया जाता है। इस समयावधि के बाद रेेलवे से अधिकृत निजी एजेंसी तत्काल टिकट निकाल सकती है। जबकि पकड़े आरोपी की ओर से सुबह सवा दस बजे से तत्काल टिकट निकाला गया था। आरोपी को पकड़ लिया गया है।
टीम में यह थे शामिल
रुड़की रेलवे स्टेशन केे पास पर्सनल आईडी से तत्काल के टिकट निकाल कर आरक्षण की दलाली करने वाले को पकड़ने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक आरपीएफ जेएस चौहान, कांस्टेबल अशोक कुमार, प्रकाश चंद जदली, संजय कुमार, आरपीएफ विजिलेंस कांस्टेबल हरवीर सिंह, राजीव वशिष्ठ शामिल थे।