मंगलौर। गदरजुड्डा गांव से लापता युवक का शव झबीरन के पास मिलने की सूचना पर मौके पर सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। मामला दलित समाज से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने लापता युवक की हत्या करने व खोजबीन में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठने नहीं दिया और हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत किया। रुड़की सिविल अस्पताल में शव पहुंचने पर भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ता जमा हो गए। भारी पुलिस बल के बीच मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।
गदरजुड्डा निवासी सुबोध (27 वर्ष) 10 मई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। रविवार को झबीरन गांव के पास गदरजुड्डा माइनर पर इसका शव मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ पुलिस पहले पहुंची हुई थी भीड़ ज्यादा जुटने पर मौके पर और पुलिस बुलाई गई। जैसे ही पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी ग्रामीण शव घेर कर बैठ गए और हंगामा कर दिया। धीरे-धीरे आसपास गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मामला दलित समाज से जुड़ा होने के कारण स्थिति संवेदनशील होने लगी। इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मृतक युवक की खोजबीन करने में लापरवाही बरती है। इससे गुस्साए ग्रामीण मौके पर डीएम और एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह भंडारी मौके पर पहुंच गए। इन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। विधायक देशराज कर्णवाल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे। हत्यारे जल्द पकड़े जाएंगे। साथ ही लापता युवक की खोजबीन में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने का भी भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गौरतलब है कि शनिवार को शव की बरामदगी की मांग को लेकर काफी ग्रामीण कोतवाली में पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने सुबोध की गुमशुदगी दर्ज की थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा का कहना है कि गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर मामले की सघनता से जांच की जाएगी। शाम करीब साढ़े तीन बजे जिस समय शव रुड़की सिविल अस्पताल लाया गया तो ग्रामीणों के साथ-साथ काफी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। बवाल की आशंका पर मौके पर भारी पुलिस तैनात की गई। इस दौरान मौके पर आला अधिकारियों के साथ-साथ खुफिया विभाग के कर्मी और अधिकारी भी डटे रहे।
एक युवक पर हत्या का संदेह
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कस्बे के एक युवक पर हत्या का शक जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक का मृतक युवक के साथ काफी उठना बैठना था। एसपी देेहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है जल्द आरोपी गिरफ्तार किया जाएगा।