अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवक ने युवती को अपनी बहन बना लिया। बाद में मोबाइल से फोटो लेकर उसे वायरल करने की धमकी देकर मिलने बुलाया। जब वह मिलने गई तो उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया। किसी तरह युवती ने खुद को उसके चंगुल से बचकर रिश्तेदारों को फोन कर मौके पर बुला लिया। रिश्तेदारों ने जमकर पिटाई करने के बाद आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पठानपुरा निवासी संदीप पुत्र धीर सिंह ने कुछ माह पहले फेसबुक पर सिमरन व शिवानी नाम से एक फेसबुक एकाउंट बनाया था। इसके बाद उसने रुड़की निवासी एक युवती को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद उनके बीच मैसेज होने लग। उसने बताया कि उसका एक भाई अभिनव है। वह भी फेसबुक पर है। उसने अभिनव नाम से युवती को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी। इसके बाद कथित अभिनव और युवती के बीच बातचीत होने लगी। उसने युवती को अपनी धर्म बहन बना लिया। दो दिन पहले युवक ने युवती को सोलानी पार्क में मिलने बुलाया। धर्म बहन के नाते युवती उससे मिलने पहुंच गई। इस पहली मुलाकात में उन्होंने मोबाइल पर सेल्फी ले ली। सेल्फी लेने के बाद युवक ने युवती को कृष्णानगर में साथ चलने की बात कही। युवती ने कारण पूछा तो वह बहाने बनाने लगा। युवती के इनकार करने पर युवक ने दोनों की सेल्फी को अश्लील करके फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दी। इससे डर कर युवती उसके साथ कृष्णानगर आ गई। यहां युवक उसे एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया। युवती ने किसी तरह जान बचाई और अपने रिश्तेदारों को कॉल कर मौके पर बुला लिया। रिश्तेदारों ने युवक की जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ एसके सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया है।
कई युवतियों को बना चुका है शिकार
पुलिस के अनुसार युवक शातिर दिमाग है। उसने फेसबुक पर लड़कियों के नाम से कई फर्जी आईडी बनाकर रखी है। इन फजी आईडी से युवक- युवतियों से फेसबुक पर दोस्ती करता था और उन्हें अपनी बहन बना लेता था। इसके बाद उनसे मिलता था और साथ में सेल्फी लेता था। इसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें अपना शिकार बनाता था।