ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
दामाद ने अपने सास-ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में दोनों कोतवाली पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दोनों को तत्काल मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। ससुर ने दामाद के खिलाफ दहेज मांगने और मारपीट करने की तहरीर दी है।
सहारनपुर के फतेहपुर निवासी एक युवती की करीब चार साल पूर्व रुड़की निवासी एक युवक से शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इतना ही नहीं दहेज में एक कार और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने लगे। इस बीच विवाहिता के परिजनों ने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि कुछ दिनों बाद फिर से वह दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। मंगलवार को विवाहिता के माता-पिता रुड़की उसकी ससुराल आए थे। इसी बीच विवाहिता के साथ पति ने मारपीट शुरू कर दी। बेटी से मारपीट होती देख उसके माता-पिता बीच बचाव करने लगे। आरोप है कि दामाद ने अपने सास-ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। जख्मी सास-ससुर गंगनहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।