ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम ने शहर में भीख मांग रहे नाबालिगों को पकड़कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही बच्चों से भीख मंगवाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान टीम के साथ पुलिस भी साथ रही।
चाइल्ड हेल्प लाइन को पिछले काफी समय से शहर में नाबालिग बच्चों के भीख मांगने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत पर मंगलवार को चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम रुड़की पहुंची और पुलिस को साथ लेकर चाट बाजार में गई। इस दौरान टीम को चाट बाजार परिसर में नाबालिग बच्चे भीख मांगते मिले। टीम ने बच्चों के परिजनों को बुलाकर उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। इसके बाद टीम रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंची और भीख मांग रहे बच्चों से उनके परिजनों के बारे में जानकारी लेकर उन्हें सौंपा गया। टीम ने चेतावनी दी कि यदि बच्चों से भीख मंगवाई तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम में कॉ-आर्डिनेटर अधिकारी अनुज कुमार सैनी ने बताया कि वर्ष 2012 में बाल विकास मंत्रालय की ओर से यह मुहिम चलाई गई थी। हरिद्वार जनपद में अब तक पांच हजार बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। इस दौरान टीम में करनेल सिंह ,रजनी वर्मा, प्रेम द्विवेदी, संदीप सैनी शामिल रहे।