नवरात्र में अगर आप उपवास रखते हैं तो कुट्टू के आटे का सेवन जरा सावधानी से करें। क्योंकि, आटा यदि सही है तो शरीर के लिए लाभदायक है लेकिन यदि किसी भी कारण से खराब है तो ये स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित होता है। पिछले दो साल से लगातार जिले में नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी-पकौड़ी खाने से कई लोग बीमार हुए थे।
दो अप्रैल से नवरात्र शुरू हो रहा है। वैसे तो लोग नौ दिनों तक फलाहार करते हैं और देवी के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त करते हैं। बहुत से लोग अपनी डाइट और स्वास्थ्य को देखते हुए पौष्टिक और ऐसा भोजन लेते हैं जिससे उपवास न टूटे। सबसे ज्यादा कुट्टू का आटा पसंद किया जाता है। कारण, इसमें भरपूर आयरन और प्रोटीन होता है, लेकिन आटा खरीदने में जरा सी लापरवाही आपका सेहत बिगाड़ सकती है। अभी अक्तूबर 2020 में ही कुट्टू का आटा खाने से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए थे। अक्तूबर 2021 में भी क्षेत्र में 19 से ज्यादा लोग बीमार पड़े थे। अब फिर से नवरात्र शुरू होने वाला है। ऐसे में लोग फिर से कुट्टू के आटे की खरीदारी करेंगे लेकिन थोड़ा समझदार होकर इस आटे की खरीदारी करें तो किसी भी अनहोनी से बचा जा सकता है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि वैसे तो कुट्टू का आटा जंगली फल से बनता है। इसकी कोई खेती नहीं होती है। बस इसे खरीदते समय और इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। बाजार में खराब कुट्टू का आटा न आए, इसके लिए विभाग अभियान चला रहा है। पिछले दो वर्षों में इसके तीन सैंपल फेल भी हुए हैं।
कुट्टू के आटे का नुकसान
अक्सर कुट्टू के आटे का ज्यादा इस्तेमाल करने से लोग बीमार पड़ते हैं। इसके खाने से स्किन एलर्जी हो सकती है। इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर पर दाने और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस आटे के खाने से यदि ज्यादा दिक्कत होती है तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही इस्तेमाल करें। कुट्टू का आटा एक महीने में खराब हो जाता है। इसलिए पुराना आटा खाने से फूड प्वाइजनिंग, गैस जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आटा खरीदते समय बरतें सावधानियां
कुट्टू का आटा खरीदने से पहले यह परखना जरूरी है कि दुकान पर ज्यादा समय से न रखा हो।
आटे को हाथों से छूकर देंखे, ये ज्यादा खुरदुरा न हो और न ही इसमें काले दाने दिखाई देने चाहिए।
खरीदने से पहले से देख लें कि उसमें कीड़े न हों, अक्सर आटे में उसी के रंग के कीड़े पड़ जाते हैं।
आटा कभी भी खुला न खरीदें पैकेट में बंद आटा ही लें, खुले आटे में फंगस का खतरा बना रहता है।
सबसे बेहतर है कि कुट्टू का आटा न खरीदकर इसे साबुत खरीदें और खुद पिसवाकर इस्तेमाल करें।
ये हैं इस आटे के फायदे
कुट्टू के आटे में मैग्नीशियम, विटामिन-बी, आयरन, कैल्शियम, फॉलेट, जिंक, कॉपर, मैग्नीज और फास्फोरस अच्छी मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में नवरात्र में लौकी के साथ इसका इस्तेमाल करने से लीवर की हर समस्या कम होती है। पेट में पथरी होने पर भी कुट्टू का आटा फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन के अलावा बी-कॉम्पलेक्स भी पाया जाता है। डाइट में कुट्टू का आटा शामिल करने से बालों को मजबूती मिलती है। यह मानसिक तनाव कम करने में भी कारगर बताया जाता है। कुट्टू में एंटी ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं और इसके तत्व स्ट्रेस को कम करते हैं।