ईंट भट्ठे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस को रोककर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची मंगलौर कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत कर ग्रामीणों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के कुछ देर बाद पुलिस ने चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पकड़ लिया।
बृहस्पतिवार देर शाम अंकित पुत्र धर्मवीर निवासी नाथूखेड़ी किसी काम से लंढौरा आए थे। गांव लौटते समय बुक्कनपुर में गोपालपुर की ओर से आ रही एक ईंट भट्ठे की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। युवक की मौत से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने बमुश्किल समझाकर उन्हें शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों का कहना था कि इससे पहले भी रोड के समीप भट्ठे होने से ओवरलोडेड वाहनों से कई मौतें हो चुकी हैं। ग्रामीण ओरवलोडेड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि पास ही में लगे कैमरों की मदद से वाहन को कब्जे के लेकर आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर कलीम निवासी पठानपुरा मंगलौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।