सामान से भरे एक ट्रक को लूटे जाने का एक आरोपी मुरादाबाद में पकड़ा गया है। स्थानीय पुलिस की एक टीम बदमाश से पूछताछ के लिए मुरादाबाद रवाना हो गई ।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के संजय गांधी कालोनी के बाहर से सात अगस्त की रात को सामान से भरा एक ट्रक बदमाशों ने लूट लिया था। अगले दिन ट्रक चालक बेहोशी की हालत में बिजनौर में पड़ा मिला था। ट्रक में करीब आठ लाख रुपये का सामान भरा हुआ था। घटना के संबंध चालक जितेंद्र निवासी बिहार ने गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
एसएसआई रणबीर सिंह चौहान ने बताया कि ट्रक लूट के एक आरोपी को मुरादाबाद के हसमौली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने ट्रक लूट की घटना को कबूल किया है। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ के लिए पुलिस की एक टीम मुरादाबाद के लिए रवाना हो गई है। बदमाश से पूछताछ के बाद उसको बी-वारंट पर रुड़की लाया जाएगा। यहां से उसे पीसीआर पर लेकर ट्रक बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उसके साथियों का भी पता लगाया जाएगा।