भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद थाने पहुंचा घायल।
- फोटो : ROORKEE
सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। साथ ही जमकर पथराव हुआ। पथराव से आसपास के लोगों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और लाठियां फटकारकर मामला शांत किया। वहीं, हमले में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में सड़क किनारे ग्राम समाज की भूमि है। भूमि पर दो पक्ष कूड़ा और गोबर डालने को लेकर अपना-अपना हक जता रहे हैं। सोमवार सुबह दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव हो गया। एक पक्ष ने सड़क से दूसरे पक्ष के मकान पर जमकर पथराव किया।
जवाब में दूसरी ओर से भी घर की छत से पथराव शुरू हो गया। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। काफी देर तक दोनों ओर से पथराव होता रहा। किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को दौड़ाकर मामला शांत किया। पथराव में एक पक्ष से सादिका और कामिल व दूसरे पक्ष के वसीम घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया। साथ ही मौके से दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। दोनों पक्षों ने जमीन पर अपना-अपना हक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि एक पक्ष के शाकिर और मोहम्मद कामिल व दूसरे पक्ष के बुरहान और इनाम का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है। दोबारा विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पथराव का वीडियो वायरल
रायपुर गांव में दोनों पक्षों की ओर से पथराव करने की घटना किसी ने मोबाइल में कैद कर ली। साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में कुछ लोग सड़क से एक घर पर पथराव कर रहे हैं। सड़क पर भीड़ दौड़ती नजर आ रही है। पुलिस ने भी वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।