लक्सर/खानपुर। लक्सर तहसील मुख्यालय सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों की 147 शिकायतें पहुंचीं। डीएम ने मौके पर ही करीब 15 शिकायतों का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को देकर निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम के सामने फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं और अधिकारियों पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया।
मंगलवार को लक्सर तहसील मुख्यालय में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इसमें डीएम विनय शंकर पांडे लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। सबसे पहले अधिवक्ता मनमोहन शर्मा ने शिकायत करते हुए बताया कि तहसील परिसर में स्थित सभी भवनों की छतों पर बरसात के चलते घास उग आई है। इनसे जहां भवन बदसूरत लग रहे हैं, वहीं छत कमजोर हो रही है। डीएम ने लक्सर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी को भवनों की छतों की साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। पुष्पा देवी ने शिकायत कर बताया कि उनके पास न तो अपना आवास है और और न ही पशुओं के लिए टीन शेड। इस पर डीएम ने लक्सर बीडीओ मनमोहन सिंह रावत को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जांच कर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं खानपुर ब्लॉक क्षेत्र के डुमनपुरी गांव निवासी दिव्यांग मुन्ना पुत्र शंकर ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह दिव्यांग हैं और जीवन चलाने के लिए कोई काम शुरू करना चाहता है। उन्होंने बैटरी वाली सवारी रिक्शा दिलाने की मांग की। डीएम ने खानपुर बीडीओ पवन सैनी को जांच कर मामले के निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं खानपुर क्षेत्र के प्रह्लादपुर गांव निवासी अधिवक्ता अशोक कुमार कौशिक ने पत्र देकर बताया कि गांव में उनके मोहल्ले में बरसाती पानी भरा हुआ है। इसके चलते मक्खी, मच्छर तो पनप ही रहे हैं, साथ ही दुर्गंध से जीना मुहाल हो रहा है। डीएम ने खानपुर बीडीओ को तत्काल बरसाती पानी के निकासी कराने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम के पास शिकायत करने के लिए करीब 147 फरियादी पहुंचे। डीएम ने 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के लिए दे दीं। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, सीडीओ सौरभ गहरवार, एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी रमेश चंद त्रिपाठी, लक्सर सीओ बीएस चौहान, लक्सर तहसीलदार मुकेश चंद रमोला, लक्सर नगर पालिका ईओ बलविंद्र सिंह, लक्सर रेंजर गौरव अग्रवाल, खानपुर एसओ अभिनव शर्मा आदि शामिल रहे।
आवास योजना पर बीडीओ को फटकारा
डीएम विनय शंकर पांडेय ने आवासीय योजना पर लक्सर बीडीओ मनमोहन सिंह रावत और खानपुर बीडीओ पवन सैनी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतें जिला मुख्यालय तक पहुंच रही हैं, जबकि ये स्थानीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे समय रहते उन्हें निपटाएं। कहा कि यदि पात्र व्यक्ति को आवास योजना का लाभ नहीं मिलता तो इसकी जिम्मेदारी बीडीओ और वीडीओ की है। उन्होंने कहा कि एक माह में आवास योजना के सूची की अच्छी तरह से मौके पर जाकर जांच कर लें। इसके बाद कोई बहाना नहीं चलेगा।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने गंभीरता से सुनी फरियादियों की समस्याएं
रुड़की। रुड़की तहसील कार्यालय में आयोजित तहसील दिवस में नवनियुक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों से उनकी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें खाद्य आपूर्ति विभाग और ऊर्जा निगम से संबंधित थीं। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस पर पहुंचे लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं बताईं। कुछ लोग ग्रामीण क्षेत्रों से आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायतें लेकर पहुंचे तो कुछ लोगों की शिकायत थी कि उन्हें समय से राशन नहीं मिल रहा है। बेलडा से आए प्रमोद आदि ने बताया कि उनके बच्चों को बाल विकास विभाग की ओर से जो राशन दिया जा रहा है, वह बिलकुल भी खाने लायक नहीं है। वहीं मयूर विहार से कुछ लोग उनके मोहल्ले में सड़कें नहीं होने की शिकायत लेकर पहुंचे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारी को तत्काल मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा रुड़की निवासी अब्दुल और शहजाद ने बताया कि उनके मोहल्ले में लंबे समय से लाइन नहीं बिछी है। जैसे-तैसे उन्होंने घर तक बिजली की सप्लाई की हुई है। वहीं रामनगर के पार्षद पंकज सतीजा ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायत कर बताया कि क्षेत्र में गृहकर बिलों का वितरण हो रहा है। उपभोक्ता जब नगर निगम में उन्हें जमा करवाने पहुंच रहे हैं तो उनसे बेवजह चक्कर कटवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृहकर जमा करने की प्रक्रिया सामान्य की जाए। इस मौके पर सीओ विवेक कुमार, बीडीओ मनोज कोठारी, एडीओ पंचायत बिजेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।