ऋषिकेश। गंगानगर ऋषिकेश में रविवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव एम्स भेजा है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे गली नंबर 8, गंगानगर ऋषिकेश में शशि (32) पत्नी प्रवीन ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। काफी देर बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने उसका दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने बाहर से दरवाजा तोड़ दिया। अंदर जाकर देखा तो महिला कमरे के अंदर रस्सी के सहारे पंखे से लटक रही थी। परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिला का शव नीचे उतारा। पुलिस को घटना स्थल पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। महिला के पति के मुताबिक वर्ष 2012 में उसकी शादी हुई थी। कुछ समय पहले उसकी पत्नी का अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था, इससे उसके पेट में लगातार दर्द होने की शिकायत रहती थी। जिस वजह से वह काफी परेशान चल रही थी। कोतवाली पुलिस इस ओर छानबीन में जुट गई है।