तीर्थनगरी में तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी संक्रमितों को आइसोलेट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा मंगलवार को लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती और एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में 633 लोगों की कोरोना जांच की गई।
एसपीएस राजकीय चिकित्सालय के कोविड पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि मंगलवार को सरकारी अस्पताल में 247 लोगों की कोरोना जांच की गई। बीते दिनों की जांच रिपोर्ट में तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। फकोट ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीशचंद जोशी ने बताया कि मुनिकीरेती क्षेत्र में 80 लोगों की कोरोना जांच की गई। बीते दिनों की जांच रिपोर्ट में मंगलवार को सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। उधर, यमकेश्वर ब्लॉक के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि लक्ष्मणझूला क्षेत्र में 306 लोगों की कोरोना जांच की गई। बीते दिनों की जांच रिपोर्ट में सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार को राइंका गंगाभोगपुर में पांच शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय में 102 छात्रों और शिक्षकों की आरटीपीसीआर जांच की थी। इसमें मंगलवार को सभी लोगों की रिपोर्ट भी नेगेटिव रही है।
91 लोगों को लगाई गई एहतियाती डोज
एसपीएस राजकीय चिकित्सालय, लक्ष्मणझूला और मुनिकीरेती में 91 लोगों को एहतियाती डोज लगाई है। सरकारी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर राहुल सक्सेना ने बताया कि सरकारी अस्पताल में 30, मुनिकीरेती क्षेत्र में 40 और लक्ष्मणझूला में 21 लोगों को एहतियाती डोज लगाई गई।