ऋषिकेश। ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण को हटाने पहुंची प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम स्थानीय लोगों के विरोध के चलते बैरंग लौट गई। हाईकोर्ट के आदेश के पर अवैध निर्माण को ध्वस्तीकरण करने के लिए नेशनल हाईवे डोईवाला खंड, राजस्व विभाग और पुलिस बल को साथ लेकर पहुंची।
सोमवार को नायब तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला खंड के अवर अभियंता छत्रपाल सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक सतीश जोशी, पुलिस टीम के साथ ऋषिकेश-हरिद्वार हाईवे पर 72 सीढ़ी घाट के सामने पहुंचे। यहां हाईवे चौड़ीकरण में आड़े आ रही एक धर्मशाला और दो अन्य भवनों के अतिक्रमण को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू की गई। चिह्नीकरण के बाद अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की तैयारी करते, तभी वहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भीड़ जमा हो गई। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान एनएच के अधिकारियों ने कोर्ट के आदेश का हवाला भी दिया, लेकिन विरोध जारी रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की आड़ में रसूकदार आश्रम की भूमि पर अपना कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे हैं। अतिक्रमण की आड़ में वे लोग यहां पर होटल बनाने की तैयारी कर रहे हैं। लोगों में आक्रोश देख प्रशासन की टीम बैरंग लौट गई। इस मौके पर कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक दर्शन प्रसाद काला, त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी उत्तम रमोला आदि शामिल थे।