01 हरिद्वार रोड स्थित भगवान भवन में प्रेसवार्ता करते तीर्थ पुरोहित हक हकूक धारी समिति के पदाधिकार
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। चारधाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत समिति के पदाधिकारियों ने एलान किया है कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा को हराने के लिए महापंचायत प्रदेश के 15 सीटों से चुनाव लड़ेगी। ये 15 सीटें कौन होंगी, 30 नवंबर के बाद इसकी घोषणा होगी। इसके अलावा तीर्थ पुरोहित भारतवर्ष में पोस्टकार्ड के माध्यम से चारधाम देवस्थानम बोर्ड का विरोध करेंगे। देश के कोने-कोने में तीर्थ पुरोहित पोस्टकार्ड भेजेंगे।
बृहस्पतिवार को त्रिवेणीघाट चौक के समीप एक आश्रम में महापंचायत समिति ने एक पत्रकारवार्ता की। इस दौरान महापंचायत के अध्यक्ष कृष्णकांत कोठियाल ने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार देवस्थानम बोर्ड एक्ट को रद्द नहीं करती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि इस बार प्रदेश सरकार देहरादून और गैरसैंण जहां भी विधानसभा सत्र आयोजित करेगी, वहीं महापंचायत समिति के लोग इसका पुरजोर विरोध करेंगे। कोठियाल ने कहा कि भाजपा सरकार वैष्णो देवी की तर्ज पर चारधामों को भी देवस्थानम बोर्ड में शामिल कर रही है, लेकिन सरकार को यह ज्ञात नहीं है कि चारधाम हिमालयी क्षेत्र हैं। ये आपदाग्रस्त क्षेत्र हैं। शासन-प्रशासन के पास यहां व्यवस्थाओं को चाकचौबंद रखने के लिए कोई सुविधा नहीं है। कहा तीर्थ पुरोहितों के पूर्वजों ने ही चारधामों को उजागर किया है। अब सरकार इन धामों पर अपनी गिद्ध दृष्टि डाल रही है। जो तीर्थपुरोहित नहीं होने देंगे। प्रदेश सरकार ने बिना सदस्यों का देवस्थानम बोर्ड का प्रस्ताव पारित कर दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड में वे सदस्य शामिल किए हैं, जो न तो तीर्थ पुरोहित हैं और न ही हक हकूकधारी हैं।
इस मौके पर हरीश डिमरी, लक्ष्मीनारायण, विनोद शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, अखिलेश कोठियाल, विजय बगवाड़ी, देवेंद्र कुमार शर्मा, देवेंद्र प्रसाद डिमरी, दिनेश डिमरी, मोहन प्रसाद डिमरी, रमेशचंद्र डिमरी, गौरव डिमरी, प्रशांत भट्ट, उमेशचंद्र, दुर्गाप्रसाद भट्ट और धर्मांनद डिमरी आदि मौजूद थे।