07 मंसादेवी लाल पानी बीट में अतिक्रमण हटाती वनविभाग की जेसीबी।
- फोटो : RISHIKESH
नगर निगम क्षेत्र के मनसा देवी वार्ड में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम को कब्जाधारकों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। वन विभाग की टीम ने कब्जा हटाना शुरू किया तो अतिक्रमणकारी जेसीबी के आगे जमीन पर लेट गए। इस बीच कब्जाधारकों और अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई। इस बीच मौके पर पहुंची श्यामपुर चौकी पुलिस ने किसी तरह कब्जाधारकों पर काबू पाया, लेकिन बढ़ते विरोध के चलते वन विभाग की टीम कब्जाधारकों को 24 घंटे में स्वयं निर्माण तोड़ने की चेतावनी देते हुए मौके से लौट गई।
शुक्रवार को सुबह करीब 9.30 बजे वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी एलएस पंवार के नेतृत्व ऋषिकेश रेंज की टीम मनसा देवी बीट में अवैध कब्जे हटाने के लिए पहुंची। जैसे ही जेसीबी ने पक्के निर्माण को ध्वस्त करने की कोशिश की, वैसे ही कब्जाधारकों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस बीच वन विभाग की जेसीबी भी खराब हो गई। टीम ने मौके पर दूसरी जेसीबी को बुलाया। कार्रवाई शुरू हुई तो कब्जाधारक उग्र हो गए। यह देख वन विभाग की टीम ने बड़कोट रेंज से भी वन कर्मियों को मौके पर बुला लिया। टीम ने एक भवन के पिलर को गिराने की कोशिश की तो कब्जाधारक सामने आ गए। इस बीच कब्जाधारकों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का मुक्की हुई। कब्जाधारकों ने वन विभाग के अधिकारियों पर निर्माण की एवज में रुपये लेने का आरोप भी लगाया। स्थानीय लोगों की सूचना पर ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला भी मौके पर पहुंचे। जयेंद्र रमोला ने कहा कि जब वन भूमि पर अतिक्रमण हो रहा था तो अधिकारी सो रहे थे। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण शुरू होते वन विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की।उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग के अधिकारियों ने रुपये लेकर निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के साथ संबंधित बीट के अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। सूचना पर श्यामपुर चौकी प्रभारी राम नरेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो कब्जाधारकोंके तेवर कुछ ढीले पड़े। करीब दो घंटे तक चली वार्ता के बाद भी कब्जाधारकों का विरोध जारी रहा। वन विभाग ने कब्जाधारकों को अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। वहीं निर्धारित समयावधि के बाद कब्जों को ध्वस्त करने की चेतावनी दी। इसके बाद टीम मौके से बैरंग लौट गई।