डोईवाला कोतवाली में धरना प्रदर्शन कर रहे संयुक्त मोर्चा से जुड़े किसानों को समझाते नगर कोतवाल।
- फोटो : RISHIKESH
डोईवाला। संयुक्त किसान मोर्चा ने बृहस्पतिवार को भाकियू टिकैत ग्रुप के संरक्षक और गुरुद्वारा प्रधान के साथ लालतप्पड़ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार करने को लेकर कोतवाली के सामने धरना प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन द्वारा उचित कदम उठाने को लेकर मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
बीते बुधवार को शेगरढ़ निवासी भाकियू टिकैत ग्रुप के संरक्षक और गुरुद्वारा प्रधान गुरदीप सिंह ने बताया कि उन्हें किसी विवाद के सिलसिले में पुलिस चौकी लालतप्पड़ में बुलाया गया था। बताया गया कि उनके साथ लालतप्पड़ पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया। पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने से आहत संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े लोगों ने कोतवाली के समक्ष नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। भाकियू टिकैत ग्रुप के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा ने बताया कि पुलिस का रवैया बेहद गैर जिम्मेदाराना रहा। कहा कि प्रबुद्ध लोगों से पुलिस को शालीनता का व्यवहार करना चाहिए। मोर्चा के अध्यक्ष ताजेंद्र सिंह ने भी पुलिस की कार्यशैली की आलोचना की। बाद में पूर्व राज्यमंत्री करन बोरा और कोतवाल राजेन्द्र रावत ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनको शांत कराया। कोतवाल राजेन्द्र रावत ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। गलत होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह, जाहिद अंजुम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, सभासद गौरव मल्होत्रा, चैयरमैन प्रतिनिधि सागर मनवाल, राजकुमार, चंद्रभान, गुरपाल सिंह, हरेंद्र बालियान, ओमकार सिंह आदि थे।