18 एम्स के समीप एक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करती ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती।
- फोटो : RISHIKESH
एम्स रोड स्थित न्यू साईं मेडिकोज पर शिकायत की जांच के लिए पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती के साथ संचालक ने अभद्रता कर दी। मेडिकल स्टोर संचालक ने ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से तैयार रिपोर्ट पर भी हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया। वहीं शिकायत पर मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
ड्रग कंट्रोल विभाग को एम्स रोड स्थित न्यू साईं मेडिकोज के खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि मेडिकल स्टोर पर पर्चे पर लिखी गई सभी दवाएं खरीदने की शर्त पर ही दवाएं दी जाती हैं। यही नहीं, मेडिकल स्टोर पर बेची गई दवा वापस भी नहीं ली जाती है। अगर ग्राहक विरोध करे तो मेडिकल स्टोर संचालक और कर्मचारी अभद्रता करते हैं। पूर्व में ड्रग कंट्रोल विभाग ने मेडिकल स्टोर के औचक निरीक्षक के बाद नोटिस जारी किया था। शुक्रवार शाम को ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती दोबारा शिकायत मिलने पर मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर संचालक से पूर्व में जारी नोटिस का जवाब न देने का कारण पूछा। इस पर मेडिकल स्टोर संचालक ने कहा कि उसको विभाग से कोई नोटिस नहीं मिला है। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने कहा कि इस दौरान स्टोर में 10-12 लोग बैठे थे। मेडिकल स्टोर में फार्मेसिस्ट भी उपलब्ध नहीं था। जब मेडिकल स्टोर संचालक से निरीक्षण के बाद तैयार की गई रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया तो वह भड़क गया। उसने रिपोर्ट पर हस्ताक्षर न करने की बात कहते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। ड्रग इंस्पेक्टर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से ड्रग इंस्पेक्टर ने शिकायतों को लेकर स्पष्टीकरण देने तक मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया।