ऋषिकेश। आईडीपीएल चौकी अंतर्गत गली नंबर 20 शिवाजीनगर में एक निर्माणाधीन भवन के कमरे में एक मजदूर ने छत के हुक के सहारे लटकर संदिग्ध हालात में खुदकुशी कर ली है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आईडीपीएल चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची आईडीपीएल चौकी पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।
आईडीपीएल चौकी पुलिस ने बताया कि शनिवार को उन्हें सूचना मिली की एक युवक निर्माणाधीन भवन के कमरे के अंदर छत से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पुलिस ने मृतक की पहचान विरेंद्र कुमार (26) पुत्र मिश्रीलाल, निवासी थाना रुदोली, अयोध्या उत्तर प्रदेश के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि युवक यहां मजदूरी करता था। जहां वह निर्माणकार्य कर रहा था, वहीं रहता भी था। शनिवार को उसने निर्माणाधीन भवन में प्लास्टिक के पाइप के सहारे छत के हुक से लटककर आत्महत्या कर दी। युवक के मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चला है। पुलिस टीम इस ओर छानबीन में जुटी हुई है।