देहरादून रोड स्थित जेएसीएस कंपनी के कार्यालय में निदेशक का घेराव करते एजेंट व ग्राहक।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। जनशक्ति मल्टी स्टेट परपज कोऑपरेटिव सोसायटी (जेएमसीएस) कार्यालय में एजेंट व ग्राहकों ने पैसे वापस नहीं मिलने पर कंपनी के निदेशक अनिल रावत का घेराव कर आक्रोश व्यक्त किया। मामला बिगड़ता देख मौके पर कोतवाली पुलिस की टीम भी वहां पहुंच गई। ग्राहकों ने कहा कि बीते 21 अक्तूबर को भी उन्होंने कार्यालय की तालाबंदी की थी, जिसके बाद कंपनी ने उन्हें 26 अक्तूबर तक पैसा वापस देने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक कंपनी ने उन्हें उनका पैसा वापस नहीं किया है।
मंगलवार देहरादून रोड स्थित जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी परपज कोऑपरेटिव सोसायटी के कार्यालय में रायवाला, छिद्दरवाला, श्यामपुर, डोईवाला, रेशम माजरी से आए एजेंट और ग्राहकों की भीड़ एकत्रित हो गई। उन्हें सूचना मिली की के कंपनी कार्यालय में सोसाइटी के मुख्य निदेशक नवीन देशवाल आ रहे हैं, सूचना पर सभी लोग कार्यालय पहुंच गए। लेकिन उनके नहीं पहुंचने के बाद एजेंट और ग्राहकों ने कंपनी के निदेशक का घेराव कर दिया। रायवाला ब्रांच के प्रबंधक प्रदीप भंडारी ने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र से लगभग 10 करोड़ प्रतिमाह सोसायटी के खाते में जमा होता है। लेकिन उनकी अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें पैसा नहीं लौटाया जा रहा है। जिसके लिए सोसायटी के एजेंट व ग्राहक दोनों परेशान हो रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही है। यह पैसा लोग अपने सुख दुख के लिए सोसायटी के जमा करते हैं। परंतु उनका पैसा न मिलने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोसायटी के अधिकारी उनकी किसी भी मांग को मानने के लिए तैयार नहीं है। इसी के चलते कई शहरों में जेएसीएस के कार्यालय भी बंद हो गए हैं। अपने पैसे वापसी के लिए ग्राहक प्रशासन से लेकर न्यायालय तक जा चुके हैं। उसके बावजूद भी कंपनी ग्राहकों को उनका पैसा वापस नहीं लौटा रही है। इस अवसर पर दीप सिंह, अमरजीत सिंह, बीना देवी, रेखा देवी, पप्पू सिंह, मंजू देवी आदि थे।