व्यापारियों को कूड़ादान देतीं मेयर अनीता ममगाईं।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के मुख्यद्वार ऋषिकेश को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। मेयर अनीता ममगाईं ने अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था के लिए शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्थानीय व्यापारियों को कूड़ेदान बांटकर शहर की सफाई व्यवस्था में निगम का सहयोग करने अपील भी की।
मेयर अनीता ममगाईं ने सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि ऋषिकेश चारधाम को मुख्यद्वार है। ऐसे में चारधाम यात्रियों को स्वच्छ एवं सात्विक वातावरण उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमार्गों, निजी व सरकारी बस अड्डों, टैक्सी स्टैंड, गंगा घाटों, मंदिरों के आसपास सफाई के लिए शिफ्टवार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। मेयर ने कहा कि शौचालयों, नालों की सफाई, फॉगिंग और लार्वानाशक दवाओं के छिड़काव की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाना बहुत जरूरी है। दोपहर को मेयर अनीता ममगाईं ने मुख्य बाजारों में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत व्यापारियों को स्वच्छता, डेंगू से बचाव और कूड़ा प्रबंधन आदि के बारे में जागरूक किया गया। मेयर ने व्यापारियों से कूड़ेदान में गंदगी डालने और प्रतिष्ठान के बाहर पानी न जमा न करने की अपील की। इस दौरान पार्षद विजय बडोनी, राजेश भट्ट, पंकज शर्मा, राजपाल ठाकुर, विजयलक्ष्मी, विवेक गोस्वामी, राजकुमारी जुगलान,अभिषेक मल्होत्रा, धीरेंद्र सेमवाल, खुमेंद्र सिंह, नरेश खैरवाल आदि थे।