सुपर वीकेंड के आखिरी दिन दिल्ली, हरियाणा और यूपी के पर्यटकों की घर वापसी होने से सड़कों पर वाहनों का रेला उमड़ पड़ा। वाहनों की कतार लगने से पुलिस की व्यवस्थाएं धड़ाम हो गई। पुलिस ने वाहनों का रूट डायवर्जन किया था, लेकिन वाहनों का दबाव से पूरे शहर में जाम लगा। नेपाली फार्म से ब्रह्मपुरी तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। देर शाम तक जाम रहा।
शुक्रवार, शनिवार और रविवार के सुपर वीकेंड पर दिल्ली एनसीआर के पर्यटक ऋषिकेश क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। होटल-धर्मशालाएं पैक रहे। रविवार को घर वापसी होने पर पर्यटकों के वाहनों से हाईवे पर जाम लग गया। ऋषिकेश की ओर आ रहे वाहनों को पुलिस ने सुबह 11 बजे से नेपाली फार्म से भानियावाला डायवर्ट कर दिया। जाने वाले ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण बाजार और बाइपास मार्ग पर लंबी लंबी लाइनें लग गई।
पुलिस को जाने वाले वाहनों को नटराज चौक से भनियावाला होकर भेजना पड़ा। हाईवे पर वाहनों के दबाव बढ़ने से कई चालकों ने अपने वाहन गलियों में घुसा दिए। इससे गलियों में जाम लग गया। वहीं, बाजार में भी जाम की स्थिति होने के कारण खरीदारों को परेशानी हुई। यातायात प्रभारी अनवर खान ने बताया कि वापस जाने वाले वाहनों का दबाव ज्यादा था।