ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के प्रशासनिक अधिकारियों से पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम देहरादून वापस लौट गई। टीम अपने साथ पूर्व निदेशक केे कार्यकाल के दौरान हुई स्थायी नियुक्तियों से संबधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, हार्ड डिस्क डाटा और पत्रावलियां भी साथ ले गई। सूत्रों के मुताबिक पांच दिन तक चली जांच में सीबीआई टीम के हाथ कई पुख्ता साक्ष्य लगे हैं। सीबीआई की टीम मामले में जल्द ही कार्रवाई शुरू कर सकती है।
पूर्व निदेशक के समय में फर्जी स्थायी नियुक्तियों और खरीदारी के मामले में पांच दिनों तक एम्स ऋषिकेश में सीबीआई की छापामार कार्रवाई चलती रही। रविवार को सीबीआई की 18 सदस्यीय टीम ने एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से पूछताछ शुरू की थी। इससे पहले टीम ने एम्स में हुई स्थायी नियुक्तियों से जुड़े कई दस्तावेज, पत्रावलियां और खरीद बिल अपने कब्जे में ले लिए थे। सोमवार शाम को अधिकारियों से पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम देहरादून रवाना हो गई। टीम को एम्स में गड़बड़ी से संबंधित कई अहम सबूत मिले हैं। हालांकि कार्रवाई को लेकर एम्स के प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं, लेकिन इतना तो साफ है कि अगले कुछ दिनों में सीबीआई की कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो सकता है।
वर्जन
सोमवार को सीबीआई की टीम कई दस्तावेज और डाटा अपने साथ लेकर वापस लौट गई। एम्स प्रशासन ने टीम को जांच में हरसंभव सहयोग किया। मामला अभी जांच प्रक्रिया में है। ऐसे में फिलहाल कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।
-हरीश थपलियाल, पीआरओ, एम्स ऋषिकेश