तपोवन के कैफे में लगी आग को बुझाने का प्रयास करतीं दमकल की टीम। स्रोत वीडियो ग्रैब।
नगर पंचायत तपोवन में डिवाइन होटल के समीप संचालित एक कैफे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटों में कैफे के अंदर रखा फ्रीज, तीन कमर्शियल और दो घरेलू गैस सिलिंडर समेत कई सामान जलकर राख हो गया। वाहनों का दबाव बढ़ने से दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंच सकी।
दोपहर 1:30 बजे स्थानीय लोगों ने थाना मुनि की रेती पुलिस को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही नरेंद्रनगर से दमकल की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन सप्ताहांत होने के कारण लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंच सकी।
अग्निशमन टीम के आने से पहले स्थानीय लोग होटल डिवाइन में लगे सबमर्सिबल से कैफे में लगी आग को बुझाने में जुट गए। आग बुझने के बाद अग्निशमन की टीम भी पहुंच गई। ऋषिकेश से भी एक अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा।
थाना मुनि की रेती प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। तपोवन में कृष्णा बाघम किराए पर एक कैफे संचालित करता है। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर उसके कैफे में सामान भरा हुआ था।
पूछताछ पर पता चला कि कैफे में इंडक्शन जलाने पर अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। आग तेजी से कैफे परिसर में फैलने लगी, जिससे आग की लपटें बेकाबू हो गई। आग की लपटों ने पूरा कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। डिवाइन होटल के सबमर्सिबल से कैफे में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया गया।
मौके पर अग्निशमन की टीम भी पहुंच गई थी। उसके बाद आग पर काबू किया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कैफे संचालक का काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि कैफे में कमर्शियल और घरेलू सिलिंडर रखे हुए थे, जो खाली थे।