शक्तिमान प्रकरण में गिरफ्तारी और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में छीछालेदर होने के बाद मसूरी विधायक गणेश जोशी के राजनीतिक भविष्य को लेकर तमाम तरह की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इमेज को लेकर बेहद संजीदा रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में कार्रवाई कर सकते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी संगठन पर कार्रवाई का दबाव बन रहा है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी प्रकरण का सियासी आंकलन करने में जुटे हुए हैं। वर्ष 2007 में हुए दूसरे विधानसभा चुनाव में गणेश जोशी ने राजपुर रोड विधानसभा सीट से हीरा सिंह बिष्ट को शिकस्त दी।
गणेश जोशी को 24449 और कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को 20876 वोट मिले। साल 2012 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान परिसीमन के बाद राजपुर विधानसभा सीट को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। इसके बाद गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा से टिकट की दावेदारी की।