मलघाट के पास बोल्डर आने से बंद तवाघाट- लिपुलेख सड़क। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। बारिश के चलते व्यास घाटी को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क मलघाट के पास बंद हो गई थी जो शुक्रवार को भी नहीं खुल पाई है। स्थानीय लोग और पर्यटक गाड़ियां बदलकर आवाजाही कर रहे हैं। केएमवीएन और टूर ऑपरेटर ने आदि कैलाश यात्रियों को सकुशल धारचूला पहुंचाया। 16वें दल के 13 यात्रियों ने मौसम को देखते हुए यात्रा रद्द कर दी है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर लौट रहे 14वें दल के 29 यात्रियों को निगम, ट्रिप टूर टेंपल ऑपरेटर कर्मचारी और वाहन चालकों ने मलघाट से सकुशल धारचूला आधार शिविर कैंप में पहुंचाया। स्थानीय प्रशासन ने बंद सड़क और खराब मौसम को देखते हुए इनर लाइन परमिट देना बंद कर दिया है।
इस कारण आदि कैलाश के 15वें दल के 20 यात्री तीन दिन और 16वें दल के तीन यात्री दो दिन और 80 व्यक्तिगत यात्री परमिट के इंतजार में धारचूला में ही रुके हुए हैं। 16वें दल के 16 में से 13 यात्रियों ने खराब मौसम के कारण आदि कैलाश यात्रा रद्द कर दी है।