पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में गैस एजेंसी, इंश्योरेंस, शेयर मार्केट के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वालों की गिरफ्तारी की मांग के लिए एसपी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
सोमवार को ठगी का शिकार हुए लोगों ने पुलिस अधीक्षक सुखबीर सिंह से मुलाकात कर शीघ्र ठगी करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ितों ने कहा कि करोड़ों की ठगी करने वाले पांच आरोपियों के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में आईपीसी की धारा 420 और 506 में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। फिर भी उनकी गिरफ्तार नहीं की जा रही है। कई पूर्व फौजी भी ठगी का शिकार हुए हैं। लाखों की कमाई ठगों के हवाले होने से सभी लोग मानसिक तनाव में हैं। उनके जीवन भर की कमाई आरोपी ठगी कर उड़ा ले गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करेगी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
यह मामला करोड़ों की ठगी का है। इस मामले को ईओडब्ल्यू (इकोनामिक ओफेंस विंग)के पास भेजा जाएगा। इसके लिए ईओडब्ल्यसे वार्ता चल रही है।
सुखबीर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।