पिथौरागढ़। जाख, रावलगांव, मेलडुंगरी, थली, राड़ीखूटी सड़क का निर्माण पूरा करने की मांग के लिए राड़खूटी के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिया।
ग्रामीणों का कहा कि ये सड़क काफी महत्वपूर्ण है। एनएच के बंद होने पर यह सड़क एनएच का विकल्प बन सकती है। बावजूद इसके सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रयास नहीं किया जा रहा है।
बुधवार को डीएम डॉ. आशीष चौहान को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि करीब 11 वर्ष पूर्व एनएच के विकल्प के रूप जाख, रावलगांव, राड़ीखूटी सड़क का निर्माण शुरू किया। उस समय ग्रामीणों में आस जगी थी कि सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी।
विभाग ने राड़ीखूटी तक जैसे-तैसे सड़क पहुंचा दी। सड़क निर्माण के दौरान 1.50 करोड़ की लागत से बना पैदल रास्ता, गूल, खेत, कृषि योग्य भूमि काट दी।
सड़क को मसाड़ी तक डामरीकरण करने के बाद अधूरा छोड़ दिया। बाकी बची सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। सड़क के बदहाल होने से लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। लोग पलायन कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण पूरा करने के लिए विभाग के पास पैसा भी आ गया है। इसके बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में चंद्र शेखर जोशी, शिव सिंह सुगड़ा आदि शामिल थे।