पिथौरागढ़। पेयजल संकट से निपटने के लिए जल संस्थान ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल संस्थान पिथौरागढ़, बेड़ीनाग, डीडीहाट, गंगोलीहाट सहित अन्य क्षेत्रों में टैंकर और पिकअप से आपूर्ति सुचारु करेगा। इसके अलावा खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक करने के साथ ही नए हैंडपंप भी लगाएगा। प्रत्येक डिविजन में पेयजल समस्या से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिए गए हैं।
पिथौरागढ़ के नगरीय हिस्से में पांच टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। जल निगम के एक टैंकर से भी पिथौरागढ़ नगर के पेयजल किल्लत वाले क्षेत्रों में आपूर्ति की जाएगी। एक टैंकर को गंगोलीहाट में तैनात किया जाएगा। डीडीहाट में नगर पालिका और जल संस्थान के एक-एक टैंकर से आपूर्ति की जाएगी। जल संस्थान बेड़ीनाग और धारचूला नगर में भी एक टैंकर से पेयजल की आपूर्ति करेगा। इसके अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पिकअप वाहनों से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए जल संस्थान ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जल संस्थान ने जिले के खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। जल संस्थान ने जिले भर में खराब पड़े 12 हैंडपंपों को ठीक कर लिया है। सीमांत जिले में कुल 860 हैंडपंप हैं, जिसमें 506 हैंडपंप पिथौरागढ़ और 354 हैंडपंप डीडीहाट में हैं। जल संस्थान ने पेयजल किल्लत से निपटने के पिथौरागढ़ और डीडीहाट डिविजन कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है।
पिथौरागढ़ नगर को मिल रह 11.5 एमएलडी पानी
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर के लिए आंवलाघाट, रई, घाट, हुड़ेती, घाट पंपिंग और भैलोत पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में पिथौरागढ़ नगर के लिए 12.09 एमएलडी पानी की जरूरत है। इसके सापेक्ष जल संस्थान को 11.5 एमएलडी पानी ही मिल रहा है।
सात हैंडपंप लगेंगे
पिथौरागढ़। कनालीछीना में छह और बीसाबजेड़ में एक हैंडपंप लगाने के लिए जल संस्थान को स्वीकृति मिल गई है। शीघ्र ही जल संस्थान चयनित स्थानों में हैंडपंप लगाने का कार्य शुरू कर देगा।
पेयजल किल्लत से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों में पिकअप वाहन और नगरीय क्षेत्रों में टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति करेगा। खराब पड़े 12 हैंडपंप सही करा लिए गए हैं। - सुरेश चंद्र जोशी, ईई जल संस्थान पिथौरागढ़।