पिथौरागढ़। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं। थल-मुनस्यारी सड़क हरड़िया के पास बंद है। जरीगाड़ के पास पुल खतरे की जद में आने के कारण जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर रोक दी गई है। थल-मुनस्यारी सड़क चार से अधिक स्थानों पर बंद चल रही है। इस कारण मुनस्यारी का जिला मुख्यालय और अन्य क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। लोगों ने शीघ्र सड़क खोलने की मांग की है। इसके अलावा 20 से अधिक सड़कें बंद चल रही हैं। कार्यदायी संस्थाएं बंद सड़कों को तेज गति से खोलने का प्रयास कर रही हैं।
कहां कितनी बारिश
धारचूला - 54.8 मिमी
डीडीहाट - 39.0 मिमी
मुनस्यारी - 29.0 मिमी
पिथौरागढ़ - 29.2 मिमी
बेड़ीनाग - 26.0 मिमी
गंगोलीहाट - 12.2 मिमी
नदियों का जलस्तर
नदी - जलस्तर - खतरे का निशान
काली नदी - 888.70 मी - 890.00 मी
सरयू नदी - 449.20 मी - 453.00 मी
गोरी नदी जौलजीबी - 605.10 मी - 607.80 मी
गोरी नदी मदकोट 1212.30मी - 1215.10 मी
ये सड़कें हैं बंद
मंसूरी-कांडा-होकरा, नाचनी-बांसबगड़, आदिचौरा-सिन्नी, बंगापानी-जाराजीबली, छिरकिला-जम्कू, गिन्नीबैंड-समकोट, मंसूरी-होकरा, नाचनी-बसंतकोट, डोर-सैरणांथी, बांसबगड़-धामीगांव, बांसबगड़-कोटा, कालिका-खुमती, बांस-आंवलाघाट, सानदेव-तुर्गोली, बिर्थीबैंड-बाराजुब्बर, जौलजीब-मुनस्यारी, तवाघाट-सोबला, घट्टाबगड़-लिपूलेख, सोबला-दर तिदांग सड़क बंद चल रही है।
पानी में बहे जरीगाड़ पुल में किए गए सुरक्षात्मक कार्य
बंगापानी(पिथौरागढ़)। बंगापानी क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण जरीगाड़ में पुल का बेस कमजोर हो गया था। इसके बाद पुल से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। सोमवार रात हुई भारी बारिश के कारण बीआरओ की ओर से किए गए सुरक्षात्मक कार्य भी पानी में बह गए हैं। इससे पुल खतरे में है। पुल से एक सप्ताह से वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण लुमती, बंगापानी, उमरगखड़ा,सेरा, सेराघाट, मदकोट, भदेली, सेवला, दरांती, दरकोट, मुनस्यारी से लगे दर्जनों गांवों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल से वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण पिछले सात-आठ दिनों से सात आठ वाहन फंसे हुए हैं। संवाद
भारी बारिश से बदहाल हुई मदकोट-दारमा सड़क
मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मदकोट दारमा सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। इससे गोरीवार क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण सोमवार को गोल्मा के पास एक वाहन कीचड़ पर फिसलकर गधेरे की ओर चला गया। गनीमत रही कि गाड़ी गधेरे में नहीं गिरी। लोगों ने शीघ्र सड़क ठीक करने की मांग की है।