पिथौरागढ़ एलएसएम महाविद्यालय में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान कार्मियों का दूसरा प्रशिक्षण एलएसएम कैंपस पिथौरागढ़ में दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने प्रशिक्षण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्मियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीपैट बहुत सेंसिटिव मशीन है इसलिए इसे जाते समय पूरी सावधानी रखी जाए।
मतदान के दिन मतदेय स्थलों पर कैमरा, मोबाइल फोन पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कोविड से सुरक्षा के लिए सभी मतदान कार्मियों को बूस्टर डोज लगाई गई। साथ ही निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदान कार्मिकों से पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन भी लिए गए।
दूसरे चरण के पहले दिन विधानसभा धारचूला के 157 मतदेय स्थलों के लिए रिजर्व सहित 189 पोलिंग पार्टियों के 756 मतदान कार्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पीठासीन अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारियों को निर्वाचन को संपन्न कराने के लिए दायित्व और मतदेय स्थल की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान कार्मियों को पोलिंग एजेेंट बनाने, मॉक पोल, मतदान प्रक्रिया शुरू करने, टेंडर वोट, टेस्ट वोट, मतदान समाप्ति के बाद मशीनों की सीलिंग आदि सभी कार्यों की जानकारी दी गई और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया। साथ ही सभी कार्मिकों को ईवीएम और वीवीपैट का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर डॉ. विकास पंत, दीपेंद्र महर, नीरज जोशी, जीवन जोशी, गौरव कुमार, मोहन जोशी आदि थे।