झूलाघाट में व्यापारियों से वार्ता करते एसएसबी अधिकारी। संवाद
झूलाघाट (पिथौरागढ़) । व्यापारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित झूलापुल पर तैनात एसएसबी जवानों पर ड्यूटी और चेकिंग के नाम पर नेपाल आने-जाने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने का आराेप लगाया है। उनका कहना है कि इससे यहां नेपाल के ग्राहक आने कम हो गए हैं।
व्यापारियों ने एसएसबी पर झूलापुल पर आवागमन करने वाले नेपाली नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मामला व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक इजरवाल के समक्ष उठाया था। व्यापार मंडल अध्यक्ष इजरवाल ने एसएसबी 55 वीं वाहिनी के कमांडेंट आशीष कुमार से फोन पर वार्ता कर उन्हें मामले के बारे में बताया। कमांडेंट ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पिथौरागढ़ से द्वितीय कमान अधिकारी राकेश कुमार रमन को वार्ता के लिए भेजा।
व्यापारियों के साथ बातचीत में राकेश कुमार ने कहा कि झूलापुल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राहगीरों से अभद्रता और दुर्व्यवहार हुआ है तो कैमरे से फुटेज निकाली जा सकती है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के साथ कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। झूलापुल पर जगह कम है यदि आवाजाही में बढ़ जाती है तो दो-तीन चेकिंग काउंटर अतिरिक्त लगाए जाएंगे। इससे कि लोगों को कोई असुविधा न हो। वार्ता के दौरान सहायक कमांडेंट गैंणा सिंह मराठा, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक इजरवाल, विधायक प्रतिनिधि संजीव जोशी, भूपेंद्र चंद, जगदीश जोशी, प्रकाश डिक्टिया, प्रकाश पंगरिया, राम सिंह थापा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।