बर्फबारी के बाद सोरघाटी का खूबसूरत नजारा।
- फोटो : पिथौरागढ़
बुधवार को पिथौरागढ़ शहर बर्फ से लकदक हो गया। सीमांत जिला मुख्यालय समेत डीडीहाट, बेड़ीनाग, चौकोड़ी, कनालीछीना, गंगोलीहाट आदि जगहों पर हुई बर्फबारी से लोगों के चेहरे खिल गए। लोगों नेजमकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया।
जिला मुख्यालय में सुबह से ही आसमान बादलों से पटा रहा और हल्की बूंदाबांदी जारी रही। दोपहर में दो बजे बाद फिर से रिमझिम बारिश शुरू हुई और 2.10 बजे से बर्फबारी का आकर्षक नजारा शुरू हो गया।
2004 में नगर और आसपास के क्षेत्रों में काफी हिमपात हुआ। उसके बाद 2014 में फिर से लोगों को बर्फबारी देखने को मिली। इस सीजन में जनवरी में एक दिन बर्फ गिरी लेकिन टिकी नहीं। बुधवार को बर्फबारी के आकर्षक नजारे से लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और जमकर आनंद उठाया। बर्फबारी से नगर के आसपास की सभी चोटियां लकदक हो गई हैं। डीडीहाट, बेड़ीनाग, चौकोड़ी, गंगोलीहाट, कनालीछीना आदि जगहों पर भी लोगों ने जमकर बर्फबारी का आनंद उठाया।