मूनाकोट (पिथौरागढ़)। मूनाकोट ब्लॉक की सबसे बड़ी बड़ालू पीएचसी में तकनीशियनों के अभाव में एक्स-रे मशीन 10 साल से धूल फांक रही है। सरकारी भवनों की हालत खराब होने के कारण स्टाफ के लिए यहां रहना मुश्किल है। ऐसे में अस्पताल में तैनात डॉक्टर रोज जिला मुख्यालय से आवाजाही करते हैं।
अस्पताल की पेयजल व्यवस्था भी बेहाल है। एक्स-रे मशीन तकनीशियन के अभाव में जंग खा रही है, जबकि अस्पताल में नेपाल क्षेत्र से भी उपचार के लिए रोज करीब 50 से अधिक मरीज आते हैं। ब्लॉक की बड़ी आबादी के लिए मात्र दो ही बेड हैं। सुविधा के नाम पर मरीजों को जिला मुख्यालय तक पहुंचाने के लिए 108 हमेशा खड़ी रहती है।
डीडीहाट विधानसभा के मूनाकोट ब्लॉक की बड़ी आबादी के लिए बड़ालू अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के लिए सरकार ने कोई भी प्रयास नहीं किए। लाखों खर्च कर एक्सरे मशीन सिर्फ धूल फांकने के लिए ही रखी गई है। - नवीन जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस, मूनाकोट।
बड़ालू अस्पताल में डाक्टर सहित पूरा स्टाफ है। अस्पताल में एक्स-रे तकनीशियन की तैनाती के लिए सीएमओ कार्यालय में लगातार पत्राचार किया जा रहा है। - डॉ. सचिन प्रकाश, प्रभारी चिकित्साधिकारी, मूनाकोट