पिथौरागढ़। विधानसभा चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए सामान्य प्रेक्षक आर प्रासना, सामान्य प्रेक्षक इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, व्यय प्रेक्षक राजेश महाजन और पुलिस प्रेक्षक शंकर लाल बघाल ने चारों विधानसभा के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 हजार से अधिक का भुगतान आनलाइन या चेक के माध्यम से सुनिश्चित करें और व्यय धनराशि का सोर्स भी उजागर किया जाए।
सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशी भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करें। आठ जनवरी से आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी दशा में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और उनके एजेंट से उनकी शिकायत और समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने प्रत्याशियों को अपने प्रतिनिधि भी समय से नियुक्त करने को कहा। व्यय प्रेक्षक ने कहा कि सभी प्रत्याशियों का निर्वाचन व्यय रजिस्टर का तीन बार निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के निर्धारित तिथियों प्रत्याशी स्वयं या अधिकृत एजेंट को ही भेजे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान, कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप थापा, बसपा के खुर्शीद अहमद, आप से चंद्र प्रकाश पुनेड़ा, जिला प्रभारी केशव कार्की, निर्दलीय प्रत्याशी नितिन मारकाना मौजूद रहे।