पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में तीन स्थानों पर पालिका ने पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया है। इससे नगर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों का दबाव कुछ कम होने की उम्मीद है। बहुमंजिला पार्किंग का संचालन शुरू होने से सड़कों में लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी।
नगरपालिका ने जिला चिकित्सालय के सामने, लंदन फोर्ट के पीछे और बहुमंजिला पार्किंग में वाहनों में पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया है। तीनों स्थानों पर पार्किंग का संचालन शुरू होने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम रहेगा। पालिका वाहन पार्क करने के लिए वाहन स्वामियों से तय शुल्क लेगा। इसके अलावा लंदन फोर्ट के पीछे भी बनाई गई पार्किंग में पालिका क्षेत्र के पास खड़े वाहनों के वहां पार्क होने से अक्सर लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। पालिका ईओ विजेंद्र वर्मा ने बताया अगर कोई व्यक्ति सड़क पर वाहन पार्क करता है तो पुलिस प्रशासन उसके खिलाफ चालान की कार्यवाही करेगा। उन्होंने बताया देव सिंह मैदान के पास 40 रुपये शुल्क अदा कर वाहन पार्क कर सकते हैं। हालांकि पार्किंग हैंडओवर नहीं होने के कारण प्रथम थल में टैक्सी वाहन ही पार्क किए जाएंगे। फोर्ट के पीछे वाले स्थान पर शुल्क अभी तय नहीं किया गया। जिला अस्पताल के सामने वाली पार्किंग ठेके में दी गई है।
नगर में पशुओं को छोड़ने पर होगी कार्रवाई
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में पशुपालकों पर पशुओं को लावारिस छोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। ईओ विजेंद्र वर्मा ने बताया नर में छोड़े गए गोवंशीय को श्रीकृष्ण गोसेवा धाम चेरिटेबल ट्रस्ट बड़ाबे में भेजा रहा है। गोवंशीय के कारण नगर में वाहनों के आवागमन से अनेक पशु चोटिल हो रहे हैं।