पिथौरागढ़। एलएसएम महाविद्यालय में एसएसजे विश्वविद्यालय के लिए इस बार छात्रों को प्रवेश के लिए पसीना बहाना पड़ेगा। सामान्य वर्ग में 60 फीसदी अंक लाने वाले छात्रों के लिए प्रवेश पानी बेहद मुश्किल होगा। इस वर्ष पिछले साल की मुकाबले अंकों का प्रतिशत 10 फीसदी से अधिक है। कोविड के चलते निजी और सरकारी स्कूलों के छात्र प्रोन्नत किए गए हैं।
कई स्कूलों में पिछले साल के परीक्षाफल के आधार पर छात्रों को अंक दिए गए हैं, जिसमें अंकों का प्रतिशत काफी अधिक गया है। इस बार बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 2573 छात्रों, बीकॉम में 338, बीएससी बायो में 483, बीएससी मैथ्स में 457 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। बीए में 1200, बीएससी में 640 और बीकॉम में 200 सीटें प्रवेश के लिए सीमित है। पिछले साल पंजीकरण अधिक होने के चलते बीए में 140, बीएससी में 100 और बीकॉम में 30 से 40 सीटें बढ़ाई गई थी। प्राचार्य डॉ. अशोक नेगी ने बताया प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए कटऑफ लिस्ट जारी कर दी गई है।
कॉलेज में सीटों और आवेदन की स्थिति
संकाय-सीटें-आवेदन
बीए - 1200 - 2573
बीएससी - 640 - 940
बीकॉम - 200 - 338
पहले दिन प्रवेश हुए कम
पिथौरागढ़। प्रथम सेमेस्टर में पहले दिन प्रवेश बेहद कम हुए। प्रवेश समिति प्रभारी डॉ. सरोज वर्मा ने बताया कि पहले दिन सभी विषयों में करीब 80 से अधिक प्रवेश हुए। बीकॉम में किसी कारणवश प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में शुक्रवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों के 80 फीसदी अंक जरूरी
पिथौरागढ़। एसएसजे अल्मोड़ा के लिए वरीयता सूची के आधार प्रवेश मिलेगा। सामान्य वर्ग में 80 फीसदी से अधिक, सामान्य महिला में 76, अनुसूचित जाति में 72.6, अनुसूचित जाति महिला में 69.6 , अन्य पिछड़ा वर्ग में 73.2, अनुसूचित पिछड़ा वर्ग महिला 69.6, अनुसूचित जनजाति 62.8, अनुसूचित जनजाति महिला 49.6, आर्थिक रूप से कमजोर 61 और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/भूतपूर्व सैनिक/विकलांग वर्ग में 40 फीसदी अंक लाने वालों को प्रवेश दिया जाएगा। संवाद
इग्नू और ओपन विश्वविद्यालय के खुलें हैं रास्ते
पिथौरागढ़। अंकों का प्रतिशत अधिक जाने के कारण हजार से अधिक छात्र इस बार पढ़ाई से वंचित हो जाएंगे। ऐसे में छात्र इग्नू और उत्तराखंड ओपन विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया में किया सहयोग
पिथौरागढ़। बीए में डॉ. कामना दीक्षित, डॉ. ममता बिष्ट, डॉ. रेखा पांडे, डॉ. पुष्पा पंत जोशी, डॉ. मंजू आर्या, डॉ. सविता राठौर, डॉ. रितिका बिशनोई, डॉ. बबीता कांडपाल, डॉ. गंगोत्री रायपा, डॉ. आरके द्विवेदी, डॉ. जगदीश सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह, बृजेश सिंह और बीएससी में डॉ. जेएस गढ़िया, डॉ. नंदन, डॉ. भारती रौतेला, डॉ. किरन पंत, सुंदर कुमार ने प्रवेश प्रक्रिया में जुटे रहे। संवाद
बीए में सीटें नहीं बढ़ीं तो आंदोलन करेंगे छात्र
पाटी (चंपावत)। राजकीय आदर्श डिग्री कॉलेज देवीधुरा में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। छात्र महासंघ सचिव चेतन चम्याल के नेतृत्व में छात्रों ने बृहस्पतिवार को ज्ञापन देकर कहा कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 160 छात्र-छात्राओं के प्रवेश की ही क्षमता है, इसे बढ़ाकर 250 तक किए जाने की जरूरत है। इस वक्त काफी छात्र प्रवेश नहीं मिलने से दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने तीन दिन के भीतर सीटें नहीं बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहां हिमांशु जोशी, पवन लमगड़िया, दीपांशु आर्या, पंकज कुमार, हिमांशु मेहरा, सुदीप चम्याल आदि थे।