पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी से हेली सेवा का संचालन बंद हुए 56 दिन बीत चुके हैं। लोग हेलिकॉप्टर आने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि कंपनी का हेलिकॉप्टर उड़ाने वाला पायलट कंपनी ही छोड़कर चला गया है। इस कारण हेलिकॉप्टर का संचालन करना संभव नहीं हो पा रहा है, अब कंपनी को नए पायलट की तलाश है।
पवन हंस का हेलिकॉप्टर 27 अप्रैल से मेंटेनेंस के लिए दिल्ली गया था। मेंटेनेंस तो पूरा हो गया लेकिन हेलिकॉप्टर उड़ाने वाला पायलट ही कंपनी छोड़कर चला गया है। इसके कारणों की जानकारी सिर्फ कंपनी और पायलट को ही है। अब कंपनी दूसरे पायलट की तलाश में कई जगह संपर्क साध रही है। पायलट मिलते ही नैनीसैनी पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए हेली सेवा का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि पवन हंस कंपनी के संचालन प्रभारियों से हुई वार्ता में पता चला कि हेली उड़ाने वाला पायलट कंपनी को छोड़कर चला गया है। कंपनी दूसरे पायलट की खोज कर रही है। हालांकि स्थानीय प्रभारी कविंद्र कुमार ने इस माह हेली संचालन के संकेत सोमवार को दिए थे। उच्चाधिकारियों से हुई वार्ता के बाद उन्होंने आश्वस्त किया कि हेली सेवा जल्द शुरू की जाएगी।