व्यास घाटी के लोग देहरादून में सीएम को स्मृति चिन्ह भेट करते हुए।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा से लगे व्यास घाटी के लोगों ने 600 किलोमीटर की दूरी तय कर देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को क्षेत्र की समस्याएं बताकर समाधान की मांग की।
शुक्रवार को नाबी के ग्राम प्रधान सनम नबियाल, व्यास मेला कमेटी के अध्यक्ष मदन नबियाल सहित अन्य लोगों ने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की । उन्होंने स्मृति चिह्न भेंटकर उन्हें सीएम बनने की बधाई दी। उन्होंने व्यास घाटी में पर्यटन को बढ़ावा देने, व्यास ऋषि प्रांगण के सौंदर्यीकरण, एक मई से 30 नवंबर तक हर वर्ष समय से आदि कैलाश यात्रा कराने, एनआरआई यात्री को परमिट देने, लिपुदर्रा से कैलाश मानसरोवर दर्शन रूट की अनुमति देने और यात्रियों के यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट में सरलता लाने की मांग की। साथ ही ग्राम प्रधान नाबी ने अपनी ग्राम पंचायत में 2023 के होमस्टे कैलाशी मिलन समारोह के लिए खेल मैदान, सांस्कृतिक मंच, भवन, सांस्कृतिक विभाग से महोत्सव के लिए सहयोग राशि के देने का अनुरोध किया। सीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में आने की बात कही।