गणाई गंगोली में बिजली अव्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। तहसील के सीताकुना, फतेहपुर और हैनकाइजर गांवों में बिजली की सिंगल लाइन होने के कारण आए दिन ग्रामीणों को विद्युत समस्या से जूझना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि लो वोल्टेज की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे बिल ही जमा नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व इन तीन गांवों में बिजली पहुंच गई थी। उस समय सिंगल फेस में तीनों गांवों को बिजली का संयोजन दिया गया। उसके बाद विभाग ने लाइन में किसी तरह का मरम्मत कार्य नहीं किया। आपदा के कारण आधे से ज्यादा बिजली पोल टूट चुके हैं। ग्राम प्रधान नीमा देवी, ग्रामीण बहादुर राम, गणेश राम, राजेंद्र राम, फकीर राम, नवीन कुमार, ऋषभ कुमार आदि ने बताया कि ग्रामीण आए दिन लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। इसकी कई बार विभाग से शिकायत कर दी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले की सीमा पर पड़ते हैं। तीनों गांवों की जनसंख्या करीब पांच सौ है। गांव पिथौरागढ़ जिले में हैं लेकिन बिजली बागेश्वर से आती है। इस कारण विभाग उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने मांग उठाते हुए कहा है कि या तो उनकी समस्या का समाधान किया जाए या गांव की लाइन पिथौरागढ़ बिजली घर को हस्तांतरित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अगली बार से बिजली के बिल जमा नहीं करेंगे।