जल्द ही पिथौरागढ़ प्रधान डाकघर से काश्तकार और उद्यमी अपने उत्पाद विदेशों में भी भेज सकेंगे। इसके लिए डाक निर्यात केंद्र खुल गया है। सामान को विदेशों में भेजने के लिए फर्म का चयन करने की कार्रवाई चल रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद उत्पाद आसानी से विदेश भेजे जा सकेंगे।
उद्यमियों के उत्पाद को विदेशों तक भेजने के लिए डाक विभाग सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। काश्तकार और उद्यमियों को उत्पाद बाहर या देश के किसी भी अन्य हिस्से में भेजने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। घर बैठे ही उनका पार्सल बुक हो जाएगा।
प्रधान डाकघर में खोले गए डाक निर्यात केंद्र के माध्यम से उद्यमी अपने उत्पाद विदेश के किसी भी शहर में भेज सकते हैं। पार्सल भेजने के लिए प्रति किलोग्राम अलग-अलग किराया देना पड़ेगा। फिलहाल इसकी दर तय नहीं की गई है।
इस सेवा का लाभ लेने के लिए उद्यमियों को डाक विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए उनको निर्यातक होने का प्रमाण भी देना होगा। बुक कराए गए पार्सल का कस्टम क्लीयरेंस दिल्ली से होगा इसके बाद उत्पाद को विदेश भेजा जाएगा।
अब पोस्ट ऑफिस के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को विदेश भेजा जाएगा। इसके लिए डाक निर्यात केंद्र खोल दिया गया है। इस योजना से उद्यमियों को काफी सहूलियत मिलेगी। सेवा को शुरू करने के लिए फर्म ढूंढने का कार्य किया जा रहा है।
- एचसी उपाध्याय, डाक अधीक्षक पिथौरागढ़।
पिथौरागढ़ में हैं सैकड़ों उद्यमी
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में सैकड़ों उद्यमी हैं जो स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। यहां महिला स्वयं सहायता समूह दन कालीन, अंगोरा खरगोश की टोपी, जैकेट, ऐपन, स्थानीय दालें, मसाले, रिंगाल के सजावटी समान, मुखौटे, शहद, जैम आदि का उत्पादन कर रहे हैं। विदेशों में उत्पाद भेजने की सेवा शुरू होने के बाद सर्वाधिक फायदा महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा।