पिथौरागढ़। बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। पानी की समस्या से जूझ रहे अस्पताल में भर्ती मरीज किसी तरह काम चला रहे हैं। वहीं समस्या से अस्पताल प्रबंधन के लोग भी परेशान हैं।
जिला अस्पताल में हर रोज 12 हजार लीटर पानी की जरूरत है लेकिन पिछले कुछ समय से मात्र सात हजार लीटर पानी की आपूर्ति हो रही है। ऐसे में भर्ती मरीजों के साथ ही अस्पताल प्रबंधन के स्टाफ को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। सर्जिकल, हड्डी, बच्चा, महिला, पुरुष या फिर आईसीयू में भर्ती मरीज हों या उनके तीमारदार सभी को पानी की जरूरत है लेकिन मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम होने से परेशानी काफी बढ़ गई है। पानी के लिए मरीज बाहर से पानी ला रहे हैं। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि पानी की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं होने से मरीजों के साथ ही स्टाफ भी परेशान है। जल संस्थान को समस्या को लेकर पत्र भी लिखा जा चुका है और मौखिक तौर पर भी वार्ता की गई है लेकिन समाधान नहीं हुआ है।
पानी की समस्या के कारण काफी दिक्कत हो रही है। मरीजों के लिए सबसे अधिक मुश्किल है। तीमारदार तो घर भी जा सकते हैं लेकिन जो गंभीर मरीज हैं उन्हें ले जा पाना मुश्किल होता है। - दीपक, तीमारदार।
मरीजों को अपने सभी नित्य काम समय पर पूरे करने होते हैं। अस्पताल में वर्तमान में 150 से अधिक मरीज हैं। अगर पानी खत्म हो गया तो मुश्किल हो जाती है। - सूरज पांडे, तीमारदार।
जिला अस्पताल में आंवलाघाट पंपिंग योजना के साथ ही मुख्य टैंक से भी कनेक्शन दिया गया है। वर्तमान में आंवलाघाट पंपिंग योजना से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है जिस कारण दिक्कत आ रही है। - सीएम चनकन्याल, सहायक अभियंता, जल संस्थान।