धारचूला (पिथौरागढ़)। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब कुमाऊं कमिश्नर दारमा घाटी पहुंचे। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने दारमा घाटी पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दारमा घाटी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां पर्यटन गतिविधियों को विकसित कर इससे रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और उनकी टीम के दारमा घाटी के अंतिम गांव सीपू पहुंचने पर ज्ञान सिंह सीपाल, प्रधान शांति सीपाल, पूर्व प्रधान मारछा जीवन सिंह मार्छाल, होम स्टे संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह फिरमाल सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने महादेव मंदिर के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। उन्होंने सीपू के साथ ही गो, तिदांग, मार्छा के ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर इनके समाधान का आश्वासन दिया। रं कल्याण संस्था के सांस्कृतिक सचिव सीपु निवासी जीवन सिंह सीपाल ने बताया की पहली बार कुमाऊं कमिश्नर दारमा घाटी पहुंचे हैं जो यहां के लोगों के लिए गौरव की बात है। इस मौके पर डीएम विनोद गोस्वामी, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एसडीएम मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। संवाद