पिथौरागढ़। उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र में महिलाओं ने केंद्र में रह रहे बच्चों के संघ होली मनाई। केंद्र की बालिकाओं ने अंगना मेरे कृष्णा जी आये रंग से भरी पिचकारी लाये गीत पर खूब नृत्य किया। कार्यक्रम में विनीता कलोनी, निर्मला पांडेय, बबीता पुनेठा, पुष्पा बिष्ट, लक्ष्मी मेहता, हेमा कापड़ी आदि थे। संवाद
होली आई रे आई रे
पिथौरागढ़। दयासागर इंटर कॉलेज में होली मिलन कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक डीसी लुईस ने किया। बच्चों संग शिक्षकों ने होली आई रे गीत गाकर खूब नृत्य किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रशासक अलोक लुईस, प्रधानाचार्य निर्मला वल्दिया, खीमराज जोशी, नीतू लुईस, उमेद धामी, सूरज जोशी, रूबीना आदि थे।
शिव के मन माही बसे काशी.......
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में बैंक रोड पर महिला और पुरुषों की होली का आयोजन किया गया। इसमें महिला और पुरुष होल्यारों ने आधी काशी में बामन बनिया आधी काशी में सन्यासी...की स्तुति की। इस दौरान महिला और पुरुष होल्यारों ने ढोल की थाप पर कदम से कदम मिलाकर नृत्य किया।
होली में लोक गायक प्रकाश रावत ने बांधा समां
पिथौरागढ़। बुधवार को होटल श्रेष्ठ चंद्रभागा में बैठकी होली का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध कुमाऊंनी लोक गायक प्रकाश रावत ने होली गीत गाकर समा बांध दिया। प्रकाश बेलाल ने सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन, होली जो खेले गिरिजापति नंदन गाकर भगवान गणेश की वंदना की। संचालन रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती, कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया और जुगल किशोर पांडेय ने किया। होली आयोजक होटल श्रेष्ठ के स्वामी राम सिंह ने सभी का आभार जताया। होली कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी, व्यापार संघ प्रदेश मंत्री शमशेर महर, विप्लव भट्ट, ललित शौर्य, दिलीप वल्दिया समेत बड़ी संख्या में होल्यार उपस्थित रहे।
जल कैसे भरू जमुना गहरी....
पिथौरागढ़। स्वरांजलि नृत्य वाटिका में महिलाओं की बैठकी होली का आयोजन किया गया। महिलाओं ने जल कैसे भरू जमुना गहरी.... और कान्हा तोहे जाने न दूंगी... गायन कर रंगों की होली खेली। इस मौके पर मीना पुनेठा, नीमा उप्रेती, कमला तिवारी, मंजू लुंठी, माया ओली, भावना नगरकोटी आदि शामिल रहे। बिषाड़ के भट्यूड़ा में होली गायन कर पुरुषों ने खूब रंग उड़ाया। वहां गिरीश चंद्र भट्ट, हरीश चंद्र, कैलाश चंद्र, गोविंद भट्ट, पीतांबर भट्ट, मयंक भट्ट आदि थे। कनालीछीना के गुड़ौली गांव में भी महिलाओं ने होली गायन किया।
फागुन के दिन चार सखी री, अपनो बलम मोहे दे री
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ललित भंडारी के निवास पर बैठकी होली का आयोजन किया गया। होल्यार भगवती प्रसाद जोशी ने राग काफी में फागुन के दिन चार सखी री, अपनो बलम मोहे दे गाया। ललित भंडारी ने राग जंगला काफी में रंग डारो कन्हैया मोपे झटक मटक, मोरी मानत नहीं गाया। ओम प्रकाश वर्मा ने राग सहाना में ऐरी यशोदा तेरो लाल बुरो है गाया। वहां संजय पंत, कविंद्र बिष्ट, केसी पुनेठा, रतन गिरी गोस्वामी, प्रकाश बोरा, अंकित आदि थे।
राजा बलि छलने को आये त्रिलोकी
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। पुरानी बाजार में काली कुमाऊं की खड़ी होली का आयोजन किया गया। होल्यारों ने ढोल की थाप पर राजा बलि छलने को आये त्रिलोकी, राजा बलि छलने निरनब्बे यज्ञ किये राजा बलि गायन कर गीतों की होली खेली।