पिथौरागढ़ हनुमान मंदिर के पास बीच सड़क में बना गड्ढा दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सात नवंबर तक जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए थे लेकिन यह आदेश धरातल पर नहीं उतर सके हैं। जिले की मुख्य सड़कों के साथ ही कई आंतरिक सड़कें भी बदहाल हैं। इसके बावजूद सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं किया जा सका है। सड़कों के बदहाल होने से पर्यटकों और अन्य लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संवाद न्यूज एजेंसी ने शनिवार को पिथौरागढ़-धारचूला सड़क की पड़ताल की। इसमें पाया गया कि गंगा निवास, सनवाल बैंड, अन्ना कॉटेज, रई पुल, बस्ते शिवालिक बैंक्वेट हॉल, पंडा पुल, पंडा बाजार, जाजरदेवल बाजार, सल्मोड़ा के पास सड़क बदहाल है। सल्मोड़ा के बीआरओ पिछले छह माह से कलमठ बनाने और नाली बनाने का कार्य पूरा नहीं कर सका है। इसके बाद टीम नगर की आंतरिक सड़क पंडा बाईपास-बिण सड़क की पड़ताल की। सड़क पंडा बाईपास से चटकेश्वर पुल तक बदहाल है। इसके बाद टीम जाजरदेवल-नैनीसैनी सड़क पहुंची। पड़ताल के दौरान सड़कों में गड्ढे और हर 10 मीटर की दूरी पर स्पीड ब्रेकर दिखा। लोगों का कहना है कि सड़क बदहाल होने से रोज कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक इसमें गिरकर घायल हो रहा है। इसके बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस नेता मोहित जोशी का कहना है कि कुछ समय पहले इस सड़क पर लोनिवि ने सुधारीकरण कार्य किया था, लेकिन मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद सड़क फिर से बदहाल हो गई है। इसके बाद टीम कुमौड़-टनकपुर सड़क की पड़ताल की। इस दौरान पता चला कि कुमौड़ तिराहे से एंचोली पुलिया तक सड़क बदहाल है जबकि सीएम धामी ने नवंबर 2021 में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए। इसके बाद भी सड़कों को ठीक नहीं किया जा सका है।
वड्डा-झूलाघाट सड़क बदहाल
पिथौरागढ़। नेपाल सीमा को जोड़ने वाली वड्डा-झूलाघाट सड़क भी लंबे समय से बदहाल है। इसके बाद भी सड़क सुधारने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। सड़क के बदहाल होने से लोग परेशान हैं। लोग लंबे समय से सड़क को ठीक करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी सड़क को नहीं सुधारा जा रहा है।
गर्मी का समय शुरू हो गया है। सड़क को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। झूलाघाट सड़क का बांड हो चुका है। अन्य सड़कों को ठीक करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा रहीं हैं। - आरके असवाल, ईई, प्रांतीय खंड, लोनिवि पिथौरागढ़।