सरयू में लापता युवती की खोजबीन करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
साथियों के साथ गंगोलीहाट के हाट कालिका मंदिर के दर्शन कर लौट रही युवती की पनार के पास स्कूटी रपट गई। स्कूटी से छिटककर वह सीधे सरयू नदी में गिर गई। सूचना के बाद अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ पुलिस और एसडीआरएफ ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ के सलकोट हाल निवासी बजेटी निवासी किरन (26) पुत्री स्व. कैलाश राम अपने साथियों के साथ बीते सोमवार की सुबह हाट कालिका मंदिर पहुंची। दर्शन के बाद वह अपनी स्कूटी में साथी न्यू बजेटी निवासी संगीता (23) के साथ लौट रही थी। शाम सात बजे पनार के पास अचानक स्कूटी रपट गई और किरन छिटककर सड़क से नीचे सरयू नदी में गिर गई। अन्य स्कूटी पर सवार साथी कुछ कर पाते इससे पहले ही वह नदी के प्रवाह के साथ ओझल हो गई। साथियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाया। देर रात तक टीम उसकी खोजबीन करती रही लेकिन उसका पता नहीं चल सका। दूसरे दिन मंगलवार को भी रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस और एसडीआरएफ के हाथ खाली रहे। समय बीतने के साथ ही परिजनों के साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ की चिंता बढ़ने लगी है। संवाद
झाड़ियों में अटकी संगीता, बची जान
किरन और संगीता की स्कूटी रपट गई तो दोनों इससे छिटककर नदी की तरफ गिर गईं। किरन सीधे नदी में गिरी, जबकि संगीता स्कूटी से छिटककर झाड़ियों में अटक गई और नदी में गिरने से बच गई। यदि वह झाड़ियों में नहीं अटकती तो बड़ी घटना हो सकती थी। नदी से सिर्फ पांच मीटर के फासले में उगी झाड़ियों ने उसकी जान बचा ली। हालांकि जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में उपचार करा रहीं संगीता अपनी सहेली के लापता होने से सदमे में है।
पिथौरागढ़ और चंपावत जिले की सीमा से लगे अल्मोड़ा के पनार में स्कूटी अनियंत्रित होने से उसमें सवार एक युवती सरयू नदी में गिर गई। उसका अब तक पता नहीं चल सका है। पिथौरागढ़- अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी खोजबीन में जुटी है।