पिथौरागढ़। चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए कर्मचारी बीमार होने का बहाना बनाने लगे हैं। पिथौरागढ़ में 100 से अधिक ऐसे कर्मचारी हैं जो चुनावी ड्यूटी कटवाने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। ऐसे कर्मचारी हर दिन एनआईसी में पहुंच रहे हैं। इसी बीच कई ऐसे भी कर्मचारी हैं जो चुनावी ड्यूटी करने के लिए तत्पर हैं।
पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में इन दिनों कई कर्मचारी ऐसे दिख रहे हैं जो मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने आ रहे हैं। कई कर्मचारी ऐसे भी हैं जो परिजनों के बीमार होने और आपातकाल में पिथौरागढ़ जाने की बात कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के आवेदनों को गंभीरता से देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी भी कर्मचारी की ड्यूटी नहीं काटी गई है। दूसरी ओर कई कर्मचारी ऐसे भी हैं जो जिले के दूरस्थ मतदान केंद्रों में ड्यूटी लगाने की बात कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कमर कस ली है।
कोट
चुनावी ड्यूटी कटवाने के लिए अभी तक 100 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। आवेदनों को गंभीरता से देखा जा रहा है उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। - गौरव कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, पिथौरागढ़।